उदयपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डबोक थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 6.04 ग्राम अवैध एमडीएमए (MDMA) के साथ दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है. इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है.
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेरवाड़ा) रजत बिश्नोई और वृत्ताधिकारी (मावली) चांदमल सिंघारिया के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम का नेतृत्व डबोक थानाधिकारी गोपालनाथ और डीएसटी प्रभारी भरत योगी ने किया.
8 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल से अवैध मादक पदार्थ लेकर डबोक क्षेत्र से गुजरने वाले हैं. इस पर टीम ने इलाके में तुरंत घेराबंदी कर नाकाबंदी शुरू कर दी.
भागने की कोशिश की, पुलिस ने दबोचा
नाकाबंदी के दौरान एक पल्सर बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखे. पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की नीयत से बाइक मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा. तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 6.04 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ.
आरोपियों की पहचान और पूछताछ
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार (22) निवासी पालवास खुर्द (डबोक) और सुरेश (35) निवासी वैकांरी नगरी (डबोक) के रूप में हुई है.
पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है कि वे यह एमडीएमए कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी.

