डूंगरपुर पंचायती राज चुनाव-2026 के तहत डूंगरपुर जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला पुलिस अधीक्षक ने बिछीवाड़ा उपखंड क्षेत्र का विस्तृत दौरा कर विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं, मतदान प्रतिशत और सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की.
विभिन्न मतदान केंद्रों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बिछीवाड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के कनबा, छापी, बिछीवाड़ा, सुण्डावाड़ा, मोदर और पालीसोड़ा स्थिति मतदान केंद्रों का दौरा किया. उन्होंने मौके पर मौजूद मतदान कर्मियों से अब तक हुए मतदान के प्रतिशत और मतदाताओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली. अधिकारियों ने पूरी चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
ईवीएम सुरक्षा और परिवहन को लेकर सख्त निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान समाप्ति के उपरांत ईवीएम (EVM) मशीनों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत कड़े सुरक्षा घेरे में मतगणना स्थल तक पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में नियमों और सुरक्षा मानकों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित की जानी चाहिए.
सरपंच व वार्ड पंच चुनाव की तैयारियों की समीक्षा
दौरे के दौरान अधिकारियों ने सरपंच एवं वार्ड पंच चुनाव की तैयारियों, वितरित किए गए नामांकन पत्रों और आगामी मतदान व मतगणना की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी पारदर्शिता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ चुनाव ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए.

