डूंगरपुर पंचायती राज चुनाव-2026 की आचार संहिता के दौरान डूंगरपुर जिले में अवैध गतिविधियों और संदिग्ध नकदी के परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है. इसी क्रम में जिला स्पेशल पुलिस टीम और ओबरी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 4 लाख 10 हजार रुपए का संदिग्ध कैश बरामद किया है. पुलिस ने कार और मोबाइल को जब्त कर जांच शुरू कर दी है.
नाकाबंदी तोड़कर भाग रही कार को घेराबंदी कर पकड़ा
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. बुधवार को स्पेशल टीम को गुजरात नंबर की कार से संदिग्ध कैश के परिवहन की गुप्त सूचना मिली थी. इस पर टीम ने तत्काल नाकाबंदी शुरू की. नाकाबंदी के दौरान तेज रफ्तार से आ रही संदिग्ध कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कार भगाने का प्रयास किया. पुलिस टीम ने पीछा कर ओबरी पुलिस की मदद से विराट गांव के पास कार को रुकवा लिया.
काली थैली में मिले नोटों के 9 बंडल
कार की गहन तलाशी लेने पर उसमें रखी काले रंग की पॉलीथिन थैली से नोटों के कुल 9 बंडल बरामद हुए. गिनती करने पर कुल 4 लाख 10 हजार रुपए नकद पाए गए, जिनमें 3 लाख रुपए (500-500 के बंडल), 50-50 हजार के दो बंडल और 10 हजार का एक बंडल शामिल था.
हवाला कारोबार और चुनावी इस्तेमाल का संदेह
पूछताछ के दौरान कार सवार कैश के स्रोत और वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके. पुलिस को आशंका है कि इस राशि का इस्तेमाल चुनाव के दौरान अवैध गतिविधियों या हवाला कारोबार में किया जाना था. पुलिस ने नकदी व वाहन को जब्त कर गहनता से जांच शुरू कर दी है.

