Headlines

बांसवाड़ा: क्राइम मीटिंग में IG का कड़ा रुख; 1 साल से पुराने और महिला अत्याचार के मामलों का तुरंत निपटारा करने के निर्देश

बांसवाड़ा जिले की कानून व्यवस्था को मजबूत करने और लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया. बांसवाड़ा के रिजर्व पुलिस लाइन स्थित शौर्य सदन सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता उदयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) गौरव श्रीवास्तव ने की. बैठक में पुलिस अधीक्षक (SP) सुधीर जोशी सहित जिले के तमाम आला पुलिस अधिकारी और थानाधिकारी मौजूद रहे. बैठक के दौरान आईजी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पेंडिंग मामलों को लेकर बेहद कड़ा रुख अपनाया.

महिला अत्याचार और पोक्सो मामलों पर सख्त रुख

आईजी गौरव श्रीवास्तव ने बैठक में स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा और वंचित वर्गों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि महिला अत्याचार, पोक्सो (POCSO) अधिनियम और एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट से जुड़े ऐसे मामले जो दो महीने से अधिक समय से पेंडिंग हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर तुरंत निपटारा किया जाए. इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

1 साल से पुराने मामलों को तुरंत सुलझाने के निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक ने जिले में एक वर्ष से अधिक समय से लंबित चल रहे सभी प्रकरणों की समीक्षा की और उनका शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए. इसके अलावा हत्या, लूट, डकैती, 20 लाख से अधिक की चोरी व नकबजनी, तथा 10 लाख या उससे अधिक के साइबर अपराध जैसे गंभीर मामलों पर विशेष फोकस करने को कहा गया. सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले अनसुलझे मामलों को भी जल्द से जल्द सुलझाने के आदेश दिए गए. बैठक में 173 (8) CrPC और 193 (9) BNSS के तहत आने वाले प्रकरणों के त्वरित निपटारे पर भी जोर दिया गया.

‘गार्ड ऑफ ऑनर’ और पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण

इससे पूर्व, पुलिस लाइन पहुंचने पर आईजी गौरव श्रीवास्तव को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया. बैठक के बाद उन्होंने पुलिस लाइन में नवनिर्मित पुस्तकालय (लाइब्रेरी) का भ्रमण किया और पुलिस लाइन मैस का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा. इस दौरान 5 जून को ‘विश्व पर्यावरण दिवस’ होने के अवसर पर आईजी, एसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया.

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह, जिले के सभी वृत्ताधिकारी (CO), साइबर थाना प्रभारी, एससी/एसटी सैल के पुलिस उप अधीक्षक और राजतलाब, सज्जनगढ़, कलिंजरा, सल्लोपाट, गढ़ी, अर्थूना व कुशलगढ़ सहित विभिन्न थानों के थानाधिकारी उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *