उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में परिवहन विभाग (RTO) की टीम पर कार्रवाई के दौरान हमला करने, गाली-गलौज करने और सरकारी काम में बाधा डालकर ट्रैक्टर छुड़ा ले जाने का एक गंभीर मामला सामने आया है. इस संबंध में आरटीओ टीम की ओर से गोगुंदा थाने में राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कराया गया है.
व्यवसायिक उपयोग पर 80 हजार का चालान
मिली जानकारी के अनुसार, आरटीओ की टीम गोगुंदा क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान टीम ने एक ट्रैक्टर को रोका, जिसमें अटैचमेंट (ट्रॉली या अन्य उपकरण) लगा हुआ था और उसका कथित रूप से व्यावसायिक कार्यों में उपयोग किया जा रहा था. नियमों के उल्लंघन और टैक्स चोरी का मामला पाते हुए आरटीओ अधिकारियों ने नियमानुसार कार्रवाई की और वाहन का करीब 80 हजार रुपये का चालान थमा दिया.
खुद को नेता बताकर किया हंगामा
चालान काटने के बाद आरटीओ की टीम नियमानुसार ट्रैक्टर को जब्त कर गोगुंदा थाने ले जाने की तैयारी कर रही थी. इसी बीच मौके पर एक व्यक्ति पहुंचा, जिसने खुद को एक राजनीतिक दल का मंडल अध्यक्ष बताया. आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने आते ही धौंस जमाना शुरू कर दिया और आरटीओ कर्मियों के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज करने लगा. उसने न सिर्फ सरकारी कार्रवाई का पुरजोर विरोध किया, बल्कि आरटीओ टीम के साथ धक्का-मुक्की करते हुए जबरन ट्रैक्टर को मौके से भगा ले गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
सरेराह हुई इस घटना के बाद आरटीओ टीम तुरंत गोगुंदा थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने, अभद्र व्यवहार करने और जब्त वाहन को जबरन ले जाने की धाराओं में परिवाद पेश किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर घटनास्थल के आस-पास के लोगों से पूछताछ और मामले की जांच शुरू कर दी है. इस घटना के बाद से ही स्थानीय राजनीतिक गलियारों और आम जनता के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं.

