Headlines

बांसवाड़ा में शराबी बेटे की हैवानियत: मां के सिर पर धारदार हथियार से हमला, 15 टांके आए; गंभीर हालत में उदयपुर रेफर

बांसवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सामरिया गांव में शराब के नशे में धुत एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही जन्मदात्री मां पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. इस खौफनाक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. नशे में धुत्त आरोपी ने घर पहुंचते ही बिना किसी कारण अपनी मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे महिला गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़ी.

निजी वाहन से ले गए अस्पताल

पीड़िता के परिजनों ने बताया कि सामरिया निवासी तुलसी देवी (पत्नी केसरीमल) पर उनके बेटे ने सोमवार रात अचानक जानलेवा हमला कर दिया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. परिजनों ने फौरन एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी. स्थिति बिगड़ती देख परिजनों ने देरी न करते हुए पीड़िता को निजी वाहन से तुरंत महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल पहुंचाया.

सिर पर आए 15 टांके, देर रात उदयपुर रेफर

एमजी अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि महिला के सिर पर बेहद गहरी और गंभीर चोट आई थी, जिसके चलते 15 टांके लगाने पड़े. प्राथमिक उपचार के बाद भी अत्यधिक खून बहने और नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने सोमवार-मंगलवार की मध्य रात्रि करीब 2 बजे उसे बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर कर दिया.

पुलिस का बयान: मामले की जानकारी देते हुए सदर थानाधिकारी रूपसिंह ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है, लेकिन फिलहाल थाने में परिजनों की ओर से कोई आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है. परिजनों से शिकायत मिलने पर आरोपी बेटे के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *