Headlines

बांसवाड़ा पुलिस का ‘ऑपरेशन सुदर्शन चक्र’: 2.60 लाख की अवैध शराब के साथ बोलेरो व स्पोर्ट्स बाइक जब्त

बांसवाड़ा जिले में अपराधियों और तस्करों के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है. पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सुदर्शन चक्र’ के तहत सल्लोपाट थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान करीब 2 लाख 60 हजार रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है. मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो बाल अपचारियों को डिटेन किया गया है.

स्पोर्ट्स बाइक से हो रही थी एस्कॉर्ट, ऐसे खुली पोल

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह के सुपरविजन और सल्लोपाट थानाधिकारी जयेश पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में कड़ी नाकाबंदी पर थी. इसी दौरान पुलिस ने एक बिना नंबरी यामाहा R15 स्पोर्ट्स बाइक को रुकवाकर पूछताछ की, तो युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं. तभी बाइक के पीछे आ रही एक बोलेरो गाड़ी को भी पुलिस ने घेराबंदी कर रुकवाया. पुलिस ने जब बोलेरो की तलाशी ली, तो बीच की और पीछे वाली सीटों पर भारी मात्रा में शराब भरी हुई मिली.

52 कार्टन शराब बरामद, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने बोलेरो से किंगफिशर बियर, ऑफिसर्स चॉइस और रॉयल स्टैग सहित विभिन्न ब्रांड्स के कुल 52 कार्टन (पेटी) अवैध शराब बरामद की। मौके से पुलिस ने बोलेरो चालक किरण (28), निवासी खुटागलिया को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, बिना नंबर की स्पोर्ट्स बाइक से रास्ता साफ करवाकर एस्कॉर्ट कर रहे दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया गया है. पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. अब पुलिस यह पता लगा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *