बांसवाड़ा जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक 12वीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. छात्रा का शव उसके घर की ऊपरी मंजिल पर फंदे से लटका हुआ मिला. चौंकाने वाली बात यह है कि फंदे पर लटके होने के बावजूद छात्रा के घुटने जमीन को छू रहे थे, जिसे देख परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.
घटनाक्रम: माता-पिता गए थे अहमदाबाद
जानकारी के अनुसार, मृतका हिमांशी के माता-पिता किसी सामाजिक कार्य से अहमदाबाद गए हुए थे. घर पर छात्रा के अलावा उसका भाई, दादा और दो बहनें मौजूद थीं. रविवार रात को रोजाना की तरह घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में पढ़ाई करने गई थी और वहीं सो गई थी. घर के बाकी सदस्य नीचे वाले कमरों में सो रहे थे.
भाई का सनसनीखेज दावा: रात में घुसा था युवक
मृतका के भाई ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रात करीब 1:30 बजे एक अज्ञात युवक घर में घुसा था. नींद खुलने और शोर होने पर परिजनों ने उसे वहां से भगाया. इसके बाद रात करीब 3:00 बजे जब भाई अपनी बहन को देखने ऊपर कमरे में गया, तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए. हिमांशी फंदे से लटकी हुई थी.
परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है. घटनास्थल की स्थिति संदिग्ध है क्योंकि छात्रा के घुटने जमीन से टिके हुए थे, जो आमतौर पर फांसी के मामलों में नहीं होता. परिजनों का मानना है कि किसी ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे पर लटका दिया.
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. एफएसएल (FSL) टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को जिला अस्पताल (MG Hospital) की मोर्चरी में रखवाया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा. पुलिस उस अज्ञात युवक की भी तलाश कर रही है जिसके बारे में भाई ने जानकारी दी है.

