Headlines

बांसवाड़ा: घाटोल के अमरथून स्कूल में बड़ा हादसा, कक्षा में पढ़ाई के दौरान गिरी छत; 4 छात्राएं घायल

बांसवाड़ा जिले के घाटोल ब्लॉक अंतर्गत अमरथून स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. स्कूल की एक कक्षा में जब छात्र पढ़ाई कर रहे थे, तभी अचानक छत का प्लास्टर भरभरा कर नीचे गिर पड़ा. इस मलबे की चपेट में आने से 11वीं विज्ञान संकाय की चार छात्राएं घायल हो गई हैं. घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए.

धमाके के साथ गिरा प्लास्टर, टला बड़ा हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9:15 बजे हुआ जब 11वीं विज्ञान की कक्षा में छात्र बैठे थे. तभी अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा धमाके के साथ नीचे आ गिरा. मलबे की चपेट में आने से चडला निवासी पूजा पुत्री रमेश, काली कुमारी, शारदा कुमारी और एक अन्य छात्रा चोटिल हो गईं. छात्राओं की पीठ और हाथों पर चोटें आई हैं. गनीमत रही कि प्लास्टर का कोई बड़ा टुकड़ा सिर पर नहीं गिरा, वरना जानलेवा चोट लग सकती थी. संस्था प्रधान अरुण व्यास ने तुरंत घायल छात्राओं को अस्पताल भिजवाया और विभाग को सूचना दी.

प्रशासन की लापरवाही आई सामने

बताया जा रहा है कि अमरथून का यह स्कूल नामांकन की दृष्टि से घाटोल ब्लॉक का सबसे बड़ा विद्यालय है, लेकिन इसकी इमारत लंबे समय से जर्जर हाल में है. स्कूल प्रशासन और ग्रामीणों ने भवन की मरम्मत के लिए कई बार ज्ञापन, प्रार्थना पत्र और सर्वे रिपोर्ट भेजी, लेकिन बजट आवंटित नहीं हुआ. चौंकाने वाली बात यह है कि जिस कमरे में हादसा हुआ, वहां हाल ही में ‘समसा’ के तहत मरम्मत कार्य और चाइना मोजेक का काम करवाया गया था, फिर भी घटिया निर्माण या जर्जरता के कारण यह हादसा हो गया.

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम मनसुख डामोर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार रावल, तहसीलदार हाबुलाल और अन्य शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने स्कूल भवन का निरीक्षण किया और विशेषज्ञों को बुलाकर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए. एसडीएम ने तत्काल 10 नए कक्षा कक्षों और प्रयोगशालाओं के नवनिर्माण का प्रस्ताव बनाकर भेजने के आदेश दिए हैं, ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *