Headlines

बांसवाड़ा: शॉर्ट सर्किट से ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग, ट्रैक्टर-टेम्पो सहित 35 लाख का सामान राख

बांसवाड़ा जिले के घाटोल उपखंड क्षेत्र के नरवाली कस्बे में मंगलवार देर रात एक भीषण अग्निकांड ने भारी तबाही मचाई. कस्बे में स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे दुकान में रखे दो वाहन और लाखों रुपये का स्टॉक जलकर खाक हो गया. पीड़ित व्यापारी ने इस घटना में करीब 35 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है.

ट्रांसफार्मर से उठी चिंगारी बनी काल

घटना नरवाली स्थित ‘पायल ऑटो पार्ट्स’ की है. जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 1 बजे दुकान के बाहर लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ. नरवाली चौकी प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि ट्रांसफार्मर से निकली आग केबल के सहारे गैराज के भीतर तक पहुँच गई. देखते ही देखते आग ने पूरे गैराज को अपनी चपेट में ले लिया.

ऑयल के कारण धधकी आग, मची अफरातफरी

दुकान के भीतर ड्रमों में रखे लुब्रिकेंट ऑयल और टायरों के कारण आग तेजी से फैली. आग की लपटें इतनी ऊँची थीं कि पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने के करीब 40 मिनट बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुँची. तब तक स्थानीय ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया था. दमकल कर्मियों और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ नष्ट हो चुका था.

वाहनों के साथ कीमती स्टॉक भी खाक

इस अग्निकांड में दुकान मालिक राजेंद्र पांचाल का अपना ट्रैक्टर और मरम्मत के लिए आया एक ग्राहक का टेम्पो पूरी तरह जलकर लोहे के ढांचे में तब्दील हो गए. इसके अलावा, दुकान में रखा नया ऑटो पार्ट्स का स्टॉक, मशीनरी और अन्य उपकरण भी स्वाहा हो गए.

व्यापारी को लगा बड़ा आर्थिक आघात

पीड़ित व्यापारी राजेंद्र पांचाल ने बताया कि इस हादसे ने उनकी वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. शुरुआती आकलन के अनुसार, करीब 35 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है. घटना के बाद बुधवार सुबह भी मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा रही। प्रशासन और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर रिपोर्ट तैयार की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *