Headlines

डूंगरपुर-आसपुर रोड पर भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को रौंदा, शादी की खुशियों के बीच दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, एक घायल

डूंगरपुर जिले के डूंगरपुर-आसपुर मार्ग पर तिजवड़ स्कूल के पास शुक्रवार देर शाम एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ एक बेकाबू और तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतकों में से एक युवक दो दिन पहले ही गुजरात से अपने गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आया था. इस हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

शादी समारोह के लिए लौटा था घर, दोस्तों के साथ हुआ हादसे का शिकार

सदर थाना एएसआई अरविंद कुमार ने बताया कि सुन्तिलाल पारगी (निवासी सत्तू देवकी) ने मामले को लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है. रिपोर्ट के अनुसार, उनका 22 वर्षीय बेटा राहुल पारगी गुजरात में कारीगरी का काम करता था। परिवार और गांव में शादी का माहौल होने के कारण वह दो दिन पहले ही घर आया था. शुक्रवार को राहुल अपनी बाइक लेकर डूंगरपुर गया था. उसके साथ हेमेंद्र कलासुआ (22, निवासी ऊपर गांव) और विशाल परमार (23, निवासी सिदड़ी, खेरवाड़ा) भी थे. देर शाम तीनों दोस्त बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे.

टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही थम गईं सांसें

लौटते समय तिजवड़ स्कूल के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को बेरहमी से अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे में तीनों के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं और काफी खून बह गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और तीनों को लहूलुहान हालत में डूंगरपुर जिला अस्पताल पहुँचाया. जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद राहुल पारगी और हेमेंद्र कलासुआ को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विशाल परमार का अस्पताल में इलाज जारी है.

ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

सदर थाना पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला और दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए. पुलिस ने मृतक राहुल के पिता की रिपोर्ट पर डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना कारित करने का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस डंपर को जब्त कर फरार चालक की तलाश में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *