डूंगरपुर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए डूंगरपुर पुलिस ने व्यापक स्तर पर ‘विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान’ चलाया. जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस जिलेव्यापी अभियान से अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया. पुलिस टीमों ने तड़के एक साथ 317 संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर विभिन्न संगीन मामलों में लिप्त कुल 102 आरोपियों को दबोच लिया.
40 टीमों में शामिल रहे 185 पुलिसकर्मी
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिले के सभी थानाधिकारियों के नेतृत्व में 40 विशेष टीमों का गठन किया गया था. इस कार्रवाई में कुल 185 पुलिस अधिकारियों और जवानों को तैनात किया गया था. सभी टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से एक साथ फरार और वांछित अपराधियों के ठिकानों पर दबिश दी.
गंभीर अपराधों के आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
कार्रवाई के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम जैसे गंभीर मामलों में वांछित 8 मुख्य अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. इसके अलावा गंभीर अपराधों से जुड़े कुल 22 अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है. लंबे समय से कानून से भाग रहे 4 स्थायी वारंटियों और घोषित अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए उन्हें जेल भेजा गया.
हिस्ट्रीशीटरों पर नजर, 63 फरार भी गिरफ्तार
अभियान के तहत पुलिस ने जिले के 39 हार्डकोर अपराधियों और हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधि की जांच की, जिसमें से 13 समाजकंटकों को शांति भंग करने की आशंका में पाबंद किया गया. साथ ही, अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे 63 अन्य फरार आरोपियों को भी दबोचा गया. पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि आमजन में विश्वास और अपराधियों में डर का माहौल बनाए रखने के लिए जिले में इस तरह के कठोर अभियान आगे भी जारी रहेंगे.

