Headlines

डूंगरपुर: माही नदी में तैरता मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी; शिनाख्त में जुटी पुलिस

डूंगरपुर जिले के साबला थाना क्षेत्र स्थित भाटोली गांव में माही नदी में एक अज्ञात युवक का शव तैरता मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. नदी में लाश मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला और शिनाख्त के लिए आसपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.

खेत पर गए ग्रामीण ने देखी तैरती लाश

साबला थाने के एएसआई वल्लभराम ने बताया कि भाटोली निवासी गणेश अपने खेतों की ओर गया हुआ था. जब वह माही नदी के किनारे से गुजर रहा था, तब पानी में उसे एक युवक का शव उल्टा होकर तैरता हुआ दिखाई दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए गणेश ने तुरंत इसकी जानकारी गांव के अन्य लोगों को दी. इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना साबला थाना पुलिस को दी.

पुलिस ने मोर्चरी में रखवाया शव

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकलवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को आसपुर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में शिफ्ट करा दिया है.

शिनाख्त के प्रयास में जुटी पुलिस

मृतक की पहचान को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और गांवों में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है. इसके साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी शव की शिनाख्तगी के प्रयास जारी हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *