Headlines

डूंगरपुर: शिक्षकों के तबादलों और जर्जर स्कूलों के विरोध में BPVM का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

डूंगरपुर भील प्रदेश मुक्ति मोर्चा (BPVM) ने गुरुवार को जिले में शिक्षकों के बड़े पैमाने पर हुए तबादलों और जर्जर स्कूल भवनों की समस्या को लेकर पुरजोर विरोध प्रदर्शन किया. संगठन के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट से कलेक्ट्रेट तक विशाल आक्रोश रैली निकाली और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इसके बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं.

तबादलों से चरमराई शिक्षा व्यवस्था, पढ़ाई प्रभावित

कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान BPVM पदाधिकारियों ने सरकार पर शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी करने का आरोप लगाया. वक्ताओं ने कहा कि डूंगरपुर जिले के सरकारी स्कूलों से बड़ी संख्या में शिक्षकों का अन्य जिलों में स्थानांतरण कर दिया गया है, लेकिन उनके स्थान पर नए शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई. इसके कारण ग्रामीण इलाकों के कई स्कूल शिक्षकविहीन या एकल-शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों के भविष्य और पढ़ाई पर पड़ रहा है.

जर्जर स्कूल भवनों में हादसों का खतरा

इसके साथ ही संगठन ने जिले के जर्जर स्कूल भवनों की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता जताई. BPVM नेताओं ने कहा कि बारिश के मौसम में जिले के कई सरकारी स्कूलों की छतें टपक रही हैं और दीवारें जर्जर हो चुकी हैं ऐसी स्थिति में मासूम बच्चों और शिक्षकों की जान खतरे में डालकर पढ़ाई कराने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

जल्द समाधान न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी

ज्ञापन में मांग की गई कि जिले से स्थानांतरित शिक्षकों के स्थान पर तुरंत स्थायी नियुक्तियां की जाएं और जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत या नए कमरों का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाए. संगठन ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द ही इन ज्वलंत समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो आने वाले दिनों में जिलेभर में बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *