प्रतापगढ़ जिले के धोलापानी थाना क्षेत्र के बरोल घाटे के पास नेशनल हाईवे-56 पर रविवार देर रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे युवक की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर यातायात ठप कर दिया.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस उपाधीक्षक (DSP) रामेश्वर लाल ने बताया कि बरोल घाटे के पास प्रकाश (पुत्र नानूराम मीणा) पैदल जा रहा था. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए और मुआवजे व उचित कार्रवाई की मांग को लेकर हाईवे पर ही बैठ गए.
दो किलोमीटर तक लगी वाहनों की कतार
ग्रामीणों के जाम लगाने से नेशनल हाईवे-56 पर दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई. जाम के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. इस दौरान कुछ वाहनों में तोड़फोड़ की भी खबरें सामने आई हैं, हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि कर मामले की जांच कर रही है.
पुलिस की समझाइश के बाद खुला रास्ता
सूचना मिलते ही धोलापानी थानाधिकारी पूराराम मीणा जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे. बाद में छोटीसादड़ी डीएसपी रामेश्वर लाल ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से लंबी वार्ता की. पुलिस प्रशासन के आश्वासन के बाद ग्रामीण माने और देर रात जाम खोला गया.
सीसीटीवी फुटेज से वाहन की तलाश जारी
सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. डीएसपी रामेश्वर लाल ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान कर चालक की तलाश की जा रही है.

