Headlines

उदयपुर: झाड़ोल पुलिस का एक्शन मोड, 3 लाख के 23 गुमशुदा मोबाइल बरामद, स्वामियों के खिले चेहरे

उदयपुर जिले के झाड़ोल थाना पुलिस ने आमजन से जुड़ी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है. झाड़ोल थानाधिकारी (SHO) करनाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक्शन मोड में काम करते हुए चोरी और गुम हुए कुल 23 मोबाइल फोन ढूंढ निकाले हैं. बरामद किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है.

मालिकों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से मोबाइलों को ट्रेस कर सकुशल बरामद किया. इसके बाद शुक्रवार को थाना परिसर में एक सादे कार्यक्रम का आयोजन कर सभी 23 वास्तविक मोबाइल मालिकों को थाने बुलाकर उनके कीमती फोन सुपुर्द किए गए. लंबे समय से गुम और चोरी हुए मोबाइल वापस मिलने पर मालिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने झाड़ोल पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया.

पूर्व में भी ट्रेस किए जा चुके हैं 102 मोबाइल

थानाधिकारी करनाराम ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन की छोटी-मोटी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है. गौरतलब है कि इससे पहले भी झाड़ोल थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 102 गुमशुदा मोबाइलों को ट्रेस कर उनके मालिकों तक पहुँचाया था.

झाड़ोल पुलिस की इस जनहितैषी और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है, जिससे पुलिस प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *