झीलों की नगरी उदयपुर के पटेल सर्कल पर मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया. पेट्रोल पंप के ठीक बाहर खड़ी गाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. इस घटना में 4 ऑटो रिक्शा और एक कार पूरी तरह जलकर राख हो गए. गनीमत रही कि दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, अन्यथा पेट्रोल पंप के पास होने के कारण शहर के व्यस्ततम इलाके में बड़ी जनहानि हो सकती थी.
3 बजे मचा हड़कंप
हादसा मंगलवार अल सुबह करीब 3 बजे का है. सन्नाटे के बीच अचानक उठी आग की ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर आसपास के लोग और पेट्रोल पंप कर्मचारी दहशत में आ गए. सूचना मिलते ही नगर निगम के चीफ फायर ऑफिसर (CFO) बाबूलाल चौधरी ने तुरंत दमकल की दो गाड़ियां मौके पर भेजीं. करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। सूरजपोल थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुँचकर स्थिति को संभाला.
साजिश या रंजिश? पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
आग लगने का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे ऑटो ड्राइवरों के बीच आपसी रंजिश का मामला माना जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, इस क्षेत्र में पेट्रोल पंप के बाहर अवैध रूप से ऑटो पार्किंग को लेकर अक्सर विवाद होता रहता है. पुलिस को अंदेशा है कि किसी रंजिश के चलते जानबूझकर इन वाहनों में आग लगाई गई होगी. पुलिस अब पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि सच सामने आ सके.
पेट्रोल पंप की निकटता ने बढ़ाई चिंता
सीएफओ बाबूलाल चौधरी ने बताया कि आग की लपटें काफी तेज थीं और वाहनों की दूरी पेट्रोल पंप के नोजल और अंडरग्राउंड टैंक से बहुत कम थी. यदि आग की लपटें पंप तक पहुँच जातीं, तो विस्फोट की स्थिति बन सकती थी. समय पर दमकल की गाड़ियों के पहुँचने से इस संभावित बड़े खतरे को समय रहते टाल दिया गया. पुलिस अब उन ऑटो मालिकों से भी पूछताछ कर रही है जिनके वाहन इस आगजनी की भेंट चढ़े हैं। फिलहाल पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

