डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के आसेला गांव में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. पुराने मकान को ढहाने के दौरान करीब 15 फीट ऊंची दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई. इस मलबे में दबने से मकान मालिक और कार्य कर रहे एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में शोक की लहर छा गई है.
दीवार तोड़ते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, आसेला निवासी कांतिलाल (पुत्र थावरा रोत) के पुराने कवेलुपोश मकान को गिराने का कार्य चल रहा था. बुधवार दोपहर करीब 3 बजे, मजदूर गौतमलाल (पुत्र धुला रोत) लोहे के औजारों से दीवार तोड़ने का प्रयास कर रहा था. उसी दौरान मकान मालिक कांतिलाल भी कार्य का जायजा लेने के लिए दीवार के पास ही खड़े थे. काम के दौरान अचानक 15 फीट ऊंची दीवार अनियंत्रित होकर गिर गई. दीवार इतनी भारी थी कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे सीधे मलबे के नीचे दब गए.
बेटे की चीख सुन दौड़े ग्रामीण
हादसे के वक्त कांतिलाल का पुत्र मनीष रोत वहीं पास में मौजूद था. पिता और मजदूर को मलबे में दबा देख वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा. मनीष के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए. ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला और निजी वाहन की मदद से तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में घोषित किया मृत
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद कांतिलाल और गौतमलाल दोनों को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन की सूचना पर सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है. पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने और औपचारिक रिपोर्ट के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस हादसे ने एक ही झटके में दो परिवारों की खुशियां छीन ली हैं. गांव के लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों की सहायता की मांग की है.

