गलियाकोट (डूंगरपुर) चितरी थाना क्षेत्र के गलियाकोट स्थित गढ़िया कसारीया पुल पर बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 19 वर्षीय युवती ने अचानक माही नदी में छलांग लगा दी. हालांकि, मौके पर मौजूद गोताखोरों की बहादुरी और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
पुल से छलांग लगाते ही मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम एक युवती गढ़िया कसारीया पुल पर पहुंची और बिना कुछ सोचे-समझे उफनती माही नदी में कूद गई. युवती को पानी में डूबता देख पुल पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों के हाथ-पांव फूल गए. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही गलियाकोट उपसरपंच और अनुभवी गोताखोर हारून बादशाह अपनी टीम के साथ बिना देरी किए मौके पर पहुंचे. हारून बादशाह, शाहजहां शेख, जितेंद्र खाट और संजय डेंडोर ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. नदी की गहराई और बहाव के बावजूद टीम ने ट्यूब की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवती को ढूंढ निकाला और उसे सुरक्षित किनारे पर लेकर आए.
अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर
नदी से बाहर निकालने के बाद युवती को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. चिकित्साकर्मियों के अनुसार, युवती को समय रहते इलाज मिल गया और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. युवती ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है. चितरी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है. ग्रामीणों ने गोताखोर हारून बादशाह और उनकी टीम की जमकर सराहना की है. लोगों का कहना है कि अगर ये जांबाज समय पर नहीं पहुंचते, तो युवती की जान बचाना नामुमकिन था.

