Headlines

डूंगरपुर: स्कूल से हॉस्टल लौट रहे छात्र पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला, लहूलुहान हालत में अस्पताल भर्ती

डूंगरपुर (दोवड़ा) जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के फलोजा गांव में शनिवार शाम को सरेराह गुंडागर्दी का मामला सामने आया है. स्कूल की छुट्टी के बाद हॉस्टल लौट रहे 11वीं कक्षा के एक छात्र पर कुछ युवकों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया. इस हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

रास्ते में रोककर किया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहड़मतिया पाल मांडवा निवासी पवन पुत्र रमेश ननोमा, जो फलोज स्थित सरकारी बॉयज हॉस्टल में रहकर 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है, शनिवार शाम करीब 4:00 बजे स्कूल से वापस हॉस्टल लौट रहा था. वह जैसे ही रास्ते में पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे कुछ युवकों ने उसे घेर लिया. हमलावरों ने बिना किसी बात के अचानक लोहे की रॉड से पवन पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए.

सिर और कान पर आई गंभीर चोटें

इस अचानक हुए हमले में पवन के सिर, कान, पीठ और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं. छात्र के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और हॉस्टल के अन्य छात्र मौके पर पहुंचे. उन्हें आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। साथी छात्र घायल पवन को लहूलुहान हालत में हॉस्टल लेकर आए, जहां हड़कंप मच गया.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना की सूचना मिलते ही हॉस्टल वार्डन बंशीलाल परमार तुरंत घायल छात्र को लेकर दोवड़ा थाने पहुंचे. वार्डन की ओर से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ पुलिस में लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. इसके बाद छात्र को गंभीर हालत में डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. इस वारदात के बाद हॉस्टल के छात्रों और स्थानीय ग्रामीणों में रोष व्याप्त है. पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *