Headlines

डूंगरपुर: ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत गेजी में कार्रवाई, एक्सपायरी कोल्डड्रिंक और नमक कराया नष्ट

डूंगरपुर होली के आगामी त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है. गुरुवार को विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘शुद्ध के लिए युद्ध’ अभियान के तहत गेजी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई. इस दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने दुकानों का औचक निरीक्षण किया और भारी मात्रा में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक एक्सपायरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया.

एक्सपायरी कोल्डड्रिंक और नमक पर चला ‘हथौड़ा’

खाद्य निरीक्षक असीमुद्दीन खान के नेतृत्व में टीम ने गेजी स्थित तीन प्रमुख किराना दुकानों की बारीकी से जांच की. निरीक्षण के दौरान एक दुकान पर विभिन्न ब्रांडों की भारी मात्रा में ऐसी कोल्डड्रिंक्स पाई गईं, जिनकी उपभोग तिथि (Expiry Date) निकल चुकी थी.

इतना ही नहीं, दुकान पर एक्सपायरी डेट का नमक भी बिक्री के लिए रखा मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए पूरी सामग्री को जब्त कर मौके पर ही फिंकवा दिया और नष्ट करने के निर्देश दिए.

मसालों के लिए सैंपल, जांच के लिए बांसवाड़ा भेजे

त्योहारों के समय मिलावट की आशंका को देखते हुए टीम ने दुकानों से मसालों के नमूने भी लिए. खाद्य निरीक्षक ने बताया कि अलग-अलग प्रतिष्ठानों से जीरा, साबुत धनिया और मिर्च पाउडर के सैंपल लिए गए हैं. इन सैंपलों को सील कर विस्तृत जांच के लिए बांसवाड़ा स्थित प्रयोगशाला (Lab) भेजा जा रहा है.

रिपोर्ट आने पर होगी सख्त कार्रवाई

असीमुद्दीन खान ने स्पष्ट किया कि लैब से रिपोर्ट आने के बाद यदि मसालों में मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे अपनी दुकानों पर एक्सपायरी सामान न रखें और ग्राहकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न करें.

होली के पर्व तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में यह सैंपलिंग और निरीक्षण का दौर लगातार जारी रहेगा ताकि मिलावटखोरों पर लगाम कसी जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *