Headlines

डूंगरपुर: आंगन में खेल रहे मासूम पर आवारा कुत्ते का खौफनाक हमला, डेढ़ साल का तुषार गंभीर घायल

डूंगरपुर जिले के करावाड़ा क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. बुधवार शाम को एक दिल दहला देने वाली घटना में, घर के आंगन में खेल रहे महज डेढ़ साल के मासूम बच्चे पर एक आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया. कुत्ते ने बच्चे के चेहरे को बुरी तरह से नोच लिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। गंभीर हालत में मासूम को जिला अस्पताल के पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में भर्ती कराया गया है.

आंगन में खेल रहा था मासूम, मां की सतर्कता से बची जान

घटना करावाड़ा के टेम्बा फला गांव की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुष्पेंद्र अहारी का डेढ़ वर्षीय पुत्र तुषार बुधवार शाम करीब 6 बजे अपने घर के आंगन में खेल रहा था. इसी दौरान एक आवारा कुत्ता दबे पांव आंगन में घुसा और मासूम पर झपट्टा मार दिया. कुत्ते के हमले से तुषार जोर-जोर से रोने लगा. चीख सुनकर उसकी मां वर्षा तुरंत दौड़कर बाहर आई। मां ने साहस दिखाते हुए डंडे की मदद से कुत्ते को वहां से भगाया, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी. हमले में तुषार की आंख के नीचे, गाल, होंठ और दांत पर गहरे घाव और गंभीर चोटें आई हैं.

तीन अस्पतालों के चक्कर काटने के बाद जिला अस्पताल रेफर

हादसे के तुरंत बाद परिजन घबरा गए और मासूम को लेकर इलाज के लिए दौड़े. परिजनों ने बताया कि वे बच्चे को पहले निजी वाहन से पोहरी ले गए, वहां से उसे करावाड़ा और फिर सीमलवाड़ा अस्पताल ले जाया गया. सीमलवाड़ा में प्राथमिक उपचार के बाद घावों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल (डूंगरपुर) रेफर कर दिया. फिलहाल तुषार का उपचार जिला अस्पताल के पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में जारी है और उसकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं.

ग्रामीणों में गहरा आक्रोश

इस घटना के बाद करावाड़ा और आस-पास के क्षेत्रों में ग्रामीणों के बीच भारी आक्रोश है. स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों के आतंक के कारण बच्चों का घर से बाहर निकलना और आंगन में खेलना भी दूभर हो गया है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए उचित कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *