बिछीवाड़ा (डूंगरपुर) केंद्र सरकार की नीतियों और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में रविवार को बिछीवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने घरेलू गैस की बढ़ती कीमतों और व्यावसायिक सिलेंडरों की किल्लत को लेकर केंद्र सरकार को घेरा.
हाथों में सिलेंडर लेकर निकाली आक्रोश रैली
प्रदर्शन की शुरुआत बिछीवाड़ा के दशामाता चौक से हुई, जहां से कार्यकर्ताओं ने एक विशाल पैदल रैली निकाली. इस दौरान अनोखे विरोध प्रदर्शन के तहत कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में गैस सिलेंडर उठा रखे थे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. रैली मुख्य मार्ग से होते हुए बस स्टैंड पहुंची, जहां आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों का हवाला देते हुए पुतला दहन किया.
‘आम जनता की कमर तोड़ रही महंगाई’
कांग्रेस नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि देश में घरेलू गैस के दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है. नेताओं ने विशेष रूप से सामाजिक कार्यक्रमों के लिए कमर्शियल सिलेंडर की अनुपलब्धता का मुद्दा उठाया. उनका कहना था कि शादियों और अन्य सामाजिक आयोजनों के समय सिलेंडर न मिलने से आम जनता को भारी मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
प्रमुख पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व बिछीवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीक्षांत पाटीदार ने किया. कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष भरत शाह, जिला परिषद सदस्य गुलशन मनात, मंडल अध्यक्ष संजय जोशी, रूपलाल वरहात, ब्लॉक मीडिया प्रभारी अजित लबाना और महासचिव महेश यादव सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे.

