Headlines

गामड़ी देवल में सनसनी: मादेण तालाब में मिला लापता युवक का शव, काम पर जाने का कहकर घर से निकला था बाबू

डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के गामड़ी देवल गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब मादेण तालाब में एक व्यक्ति का शव पानी में तैरता हुआ पाया गया. मृतक की पहचान गामड़ी देवल के बलेटी घाटी निवासी बाबू (पिता काउवा गमेती) के रूप में हुई है. युवक पिछले कुछ दिनों से घर से लापता था, जिसकी तलाश परिजन कर रहे थे.

काम पर जाने का कहकर निकला था घर से

सदर थाना पुलिस को दी गई रिपोर्ट में मृतक के चाचा जीवा (पिता धर्मा गमेती) ने बताया कि बाबू बीते 17 फरवरी को अपने घर से यह कहकर निकला था कि वह देवल गामड़ी काम पर जा रहा है. जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई. परिवार के सदस्यों ने अपने स्तर पर बाबू की काफी तलाश की और सगे-संबंधियों व आसपास के लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग पाया था.

तालाब में तैरता मिला शव

बुधवार सुबह जब ग्रामीण मादेण तालाब के पास से गुजर रहे थे, तो उन्हें पानी में एक मानव शव तैरता हुआ दिखाई दिया. इसकी सूचना तुरंत गांव में फैली और परिजनों सहित पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक के कपड़ों और हुलिए के आधार पर उसकी पहचान बाबू के रूप में की. अपनों का शव देख परिवार में कोहराम मच गया.

पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डूंगरपुर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां मेडिकल टीम द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई.

पुलिस ने फिलहाल मर्ग दर्ज कर लिया है और शव परिजनों को सौंप दिया गया है. युवक तालाब तक कैसे पहुँचा और उसकी मौत डूबने से हुई या कोई अन्य कारण था, पुलिस इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *