Headlines

बिछीवाड़ा: मां आशापुरा धाम में उमड़ा उत्साह, रक्तदान शिविर में 107 यूनिट रक्त संग्रहित

रविवार को बिछीवाड़ा स्थित मां आशापुरा धाम परिसर में सेवा और समर्पण का अनूठा संगम देखने को मिला. यहाँ महावीर इंटरनेशनल बिछीवाड़ा, सर्व समाज चेंबर ऑफ कॉमर्स और रॉयल ग्रुप सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे कुल 107 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ.

महिला शक्ति और युवाओं का दिखा जज्बा

शिविर की सबसे खास बात ‘महिला शक्ति’ की सक्रिय भागीदारी रही. कुल 7 महिलाओं ने रक्तदान कर समाज को प्रेरणा दी, जिनमें गीता रमेश, शिखा शाह, हर्षिता शाह, सुमन शाह, गुंजा कोठारी, नयना पांचाल और भावना कलाल शामिल रहीं. इसके अलावा, 25 रक्तदाताओं ने जीवन में पहली बार रक्तदान किया, जिनका उत्साह देखते ही बनता था.

पंजीयन 175, पर मानक पर खरे उतरे 107

कार्यक्रम के समन्वयक विकेश मौलात ने जानकारी दी कि शिविर के प्रति क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह था और कुल 175 रक्तदाताओं ने पंजीकरण करवाया था. हालांकि, चिकित्सकीय जांच के दौरान हीमोग्लोबिन कम पाए जाने या अन्य स्वास्थ्य मानकों के कारण कई लोग रक्तदान नहीं कर सके, जिसके चलते अंततः 107 यूनिट का आंकड़ा प्राप्त हुआ.

इनका रहा विशेष सहयोग

शिविर को सफल बनाने में महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष भरत शाह, बिछीवाड़ा ठाकुर करणी राज सिंह चौहान, गिरिराज सिंह चौहान, राजेंद्र सिंह चौहान, महंत महेंद्र सिंह चौहान, दिनेश शाह और सुधीर पंचोरी जैसे गणमान्य जनों ने अपनी सेवाएं दीं. रॉयल ग्रुप से मोहन कोटेड, शेखर डूंगरपुर और यशवंत गमेती सहित पूरी टीम सक्रिय रही.

चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जिम्मा डॉ. गोवर्धन सिंह, खुमान सिंह चौहान (जनसंपर्क अधिकारी), पूनम राठौर और उनकी टीम ने बखूबी संभाला.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *