प्रतापगढ़ शहर स्थित एक नामी हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में लोन फोरक्लोजर रिपोर्ट को लेकर हुए विवाद के बाद जमकर तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. आरोप है कि करीब 15 से 20 युवकों ने दफ्तर में जबरन घुसकर प्रिंटर, लैपटॉप, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और फर्नीचर को तहस-नहस कर दिया. जाते-जाते दबंग कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दे गए.
फोरक्लोजर रिपोर्ट मांगने पर शुरू हुआ विवाद
‘उम्मीद हाउसिंग फाइनेंस’ कंपनी के मैनेजर कपिल जोशी ने बताया कि चारभुजा कॉलोनी निवासी नारायण लाल मीणा ने कंपनी से लगभग 10 लाख रुपये का हाउसिंग लोन लिया था. नारायण लाल ने लोन चुकता करने के बाद फोरक्लोजर रिपोर्ट की मांग की. इस पर कंपनी कर्मचारियों ने बताया कि रिपोर्ट प्रक्रिया के तहत अगले दिन मिल पाएगी. इसी बात से नाराज होकर नारायण लाल कर्मचारियों को देख लेने की धमकी देकर चला गया.
15-20 युवकों के साथ पहुंचकर मचाया उत्पात



आरोप है कि कुछ ही देर बाद नारायण लाल 15 से 20 अन्य युवकों के साथ अचानक कंपनी के दफ्तर में आ धमका. युवकों ने दफ्तर में प्रवेश करते ही हंगामा शुरू कर दिया और वहां मौजूद कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान, प्रिंटर, लैपटॉप और फर्नीचर में तोड़फोड़ शुरू कर दी. अचानक हुए इस हमले से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी दहशत में आ गए.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी शंभू सिंह पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए हैं.
थानाधिकारी ने बताया कि आसपास और दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि उपद्रवियों की पहचान की जा सके. पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

