डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अपने होने वाले ससुराल में मेहमान बनकर आई एक युवती ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है.
क्या है पूरा घटनाक्रम?
चौरासी थाने के हेड कॉन्स्टेबल हजारीलाल गुर्जर ने बताया कि युवती की सगाई इसी गांव में तय हुई थी. वह पिछले कुछ दिनों से अपने होने वाले ससुराल में मेहमान के तौर पर आई हुई थी. परिजनों के अनुसार, रविवार रात तक सब कुछ सामान्य था. युवती ने परिवार के साथ सामान्य बातचीत की और खुशी-खुशी अपने कमरे में सोने चली गई थी.
सुबह कमरे में लटका मिला शव
सोमवार सुबह जब घर के सदस्य जागे और युवती के कमरे में पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. युवती ने मफलर का फंदा बनाकर पंखे या कड़ी से लटककर खुदकुशी कर ली थी. आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों ने उसे फंदे से नीचे उतारा और तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे.
अस्पताल में चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर चौरासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने परिजनों और होने वाले ससुराल पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए हैं. हेड कॉन्स्टेबल हजारीलाल ने बताया कि प्राथमिक तौर पर कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सके. पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है.

