डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा ने गुरुवार को उपखंड कार्यालय में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली. बैठक में विधायक ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की वर्तमान स्थिति का बारीकी से जायजा लिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी प्रोजेक्ट तय समय सीमा में पूर्ण होने चाहिए.
RUIDP कार्यों की जांच के लिए टीम गठित
बैठक के दौरान विधायक ने RUIDP (राजस्थान शहरी आधारभूत विकास परियोजना) के तहत चल रहे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया. उन्होंने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सीवरेज और वाटरलाइन का काम पूरा हो चुका है, वहां सड़क का पूरी चौड़ाई में नवनिर्माण किया जाए ताकि आमजन को आवागमन में सुविधा हो. कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विधायक ने एसडीएम, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता, नगरपालिका जेईएन और पटवारी की एक संयुक्त टीम गठित की है, जो मौके पर जाकर निर्माण कार्यों की जांच करेगी.
पेयजल संकट और स्वास्थ्य सेवाओं पर फोकस
आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए विधायक डेचा ने जलदाय विभाग (PHED) को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जल जीवन मिशन के तहत लंबित स्वीकृतियां जल्द जारी कर छूटे हुए घरों को कनेक्शन दिए जाएं. इसके अलावा, उन्होंने सागवाड़ा उप जिला अस्पताल के विकास के लिए आवंटित 1.5 करोड़ रुपये के बजट का सही उपयोग करते हुए आवश्यक चिकित्सा उपकरण और सुविधाएं तुरंत जुटाने के निर्देश दिए.
अतिक्रमण और शहर की सफाई पर सख्ती
नगरपालिका क्षेत्र की समीक्षा करते हुए विधायक ने अवैध अतिक्रमण हटाने, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र समय पर जारी करने और शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने कचरा निस्तारण केंद्र की सुरक्षा दीवार बनाने पर भी जोर दिया ताकि स्वच्छता प्रबंधन प्रभावी ढंग से हो सके। बैठक में उपखंड स्तर के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

