Headlines

डूंगरपुर: क्रिकेट का रोमांच शुरू; 5 अप्रैल से सजेगा DPL सीजन-3 का आगाज, पहली बार महिला टीमें भी दिखाएंगी दम

डूंगरपुर वागड़ अंचल के खेल प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित बहुप्रतीक्षित ‘डूंगरपुर प्रीमियर लीग’ (DPL) के तीसरे सीजन का आगाज रविवार, 5 अप्रैल से होने जा रहा है. शहर के ऐतिहासिक लक्ष्मण मैदान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं.

आईपीएल और रणजी खिलाड़ी बिखेरेंगे चमक

शनिवार दोपहर जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुशील जैन ने प्रेस वार्ता में बताया कि DPL सीजन-3 पहले से कहीं अधिक भव्य होने वाला है. इस बार लीग में न केवल स्थानीय प्रतिभाएं, बल्कि आईपीएल, रणजी ट्रॉफी और राज्य स्तरीय खिलाड़ी भी विभिन्न टीमों की ओर से खेलते नजर आएंगे। मैच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए BCCI पैनल के अंपायर और स्कोरर अपनी सेवाएं देंगे.

पहली बार महिला क्रिकेट का तड़का

इस सीजन की सबसे बड़ी विशेषता महिला क्रिकेट का शामिल होना है. सचिव जैन ने बताया कि:

  • पुरुष वर्ग: कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके मुकाबले 5 अप्रैल से 12 अप्रैल तक चलेंगे.
  • महिला वर्ग: पहली बार 4 महिला टीमें मैदान में उतरेंगी। इनके मैच 12 अप्रैल से शुरू होकर 16 अप्रैल तक आयोजित किए जाएंगे.

दूधिया रोशनी में होंगे मुकाबले

प्रतियोगिता के लिए लक्ष्मण मैदान में दो टर्फ पिच विशेष रूप से तैयार किए गए हैं. दर्शकों के उत्साह को देखते हुए प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे. पहला मैच शाम 4:00 बजे और दूसरा मुकाबला दूधिया रोशनी (फ्लड लाइट) में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा.

तैयारियां पूरी, दर्शकों में उत्साह

जिला क्रिकेट संघ ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, बैठक व्यवस्था और लाइटिंग की सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं. लक्ष्मण मैदान एक बार फिर चौकों-छक्कों की गूंज से सराबोर होने को तैयार है. स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह सीजन खेल के साथ-साथ मनोरंजन का भी बड़ा केंद्र बनेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *