बांसवाड़ा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर पुल पर मंगलवार देर रात करीब 1 बजे एक भीषण सड़क हादसा होते-होते टल गया. एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर की लोहे की रेलिंग को चीरते हुए उसके ऊपर जा चढ़ी. हादसा इतना भयानक था कि कार रेलिंग के लोहे के सरियों के बीच हवा में झूल गई. गनीमत रही कि कार के एयरबैग्स समय पर खुल गए, जिससे चालक की जान बच गई.
तेज रफ्तार बनी हादसे का कारण
जानकारी के अनुसार, कार चालक गर्वित, जो दानपुर का निवासी है, रात के समय खांदू कॉलोनी में किसी को छोड़ने गया था. वहां से लौटते वक्त जवाहर पुल पर कार की गति काफी तेज थी. अचानक संतुलन बिगड़ने से कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लोहे की मजबूत रेलिंग मुड़ गई और कार उस पर चढ़कर हवा में लटक गई.
रामनवमी पर खरीदी थी नई कार
हादसे का शिकार हुए युवक गर्वित ने बताया कि उसने यह कार अभी हाल ही में 26 मार्च को रामनवमी के शुभ अवसर पर खरीदी थी. महज कुछ ही दिनों पुरानी नई कार इस हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. हालांकि, चालक के लिए एयरबैग्स ‘सुरक्षा कवच’ साबित हुए, जिसके कारण उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई.
क्रेन की मदद से हटवाया वाहन
देर रात हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. रात का समय होने के कारण पुल पर यातायात कम था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने तुरंत मौके पर क्रेन बुलाई और बड़ी मशक्कत के बाद रेलिंग में फंसी कार को नीचे उतरवाकर थाने भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यातायात को सुचारू कर दिया गया है.

