डूंगरपुर जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत सागवाड़ा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने करीब तीन साल पहले पादरा गांव से मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हुए शातिर अपराधी को सीकर के खाटूश्यामजी से गिरफ्तार किया है.
क्या था मामला?
मामले के अनुसार, 29 अप्रैल 2024 को प्रार्थिया श्रीमती मीर पत्नी मोहन परमार निवासी पादरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि 3 जुलाई 2023 की रात को उनके घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल (नंबर RJ 12 SH 3267) को कोई अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया था
भेष बदलकर पुलिस ने सीकर में डाला डेरा
थानाधिकारी मनीष खोईवाल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की. जांच में सामने आया कि आरोपी पतरेश उर्फ निका (33 वर्ष) निवासी ठाकरडा, वारदात के बाद करीब दो साल बिहार में छिपा रहा और पिछले एक साल से सीकर के खाटूश्यामजी में पहचान बदलकर रह रहा था.
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस टीम श्रद्धालु बनकर खाटूश्यामजी पहुँची. विभिन्न होटलों और धर्मशालाओं में फोटो के आधार पर तलाश करने के बाद, आरोपी एक गेस्ट हाउस में नौकरी करता हुआ पाया गया, जहाँ से उसे हिरासत में लिया गया.
कड़ाई से पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस द्वारा मनोवैज्ञानिक तरीके से की गई पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

