Headlines

सागवाड़ा पुलिस की मानवीय पहल: 6 घंटे में खोज निकाला 12 वर्षीय मासूम, चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा में मिला बालक

डूंगरपुर जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानवता का परिचय दिया है. सागवाड़ा की रुद्र प्रयाग सोसायटी से लापता हुए एक 12 वर्षीय बालक को पुलिस ने महज 6 घंटों के भीतर चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा से सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.

सोसायटी से अचानक लापता हुआ बालक

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को सागवाड़ा थाने पर सूचना मिली कि रुद्र प्रयाग सोसायटी निवासी कल्पेश शर्मा का 12 वर्षीय पुत्र अचानक लापता हो गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने तत्काल टीम गठित कर बालक की तलाश के निर्देश दिए.

सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया ने दिखाई राह

थानाधिकारी मनीष खोईवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रुद्र प्रयाग सोसायटी से लेकर रोडवेज बस स्टैंड तक के सीसीटीवी कैमरों की सघन जांच की. फुटेज में बालक एक टेंपो में बैठकर बस स्टैंड की ओर जाता दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने रोडवेज और टेंपो संचालकों के प्रदेश स्तरीय व्हाट्सएप ग्रुपों पर बालक की जानकारी वायरल की.

सोशल मीडिया पर सक्रियता का फल मिला और सूचना मिली कि बालक बांसवाड़ा से जयपुर जाने वाली रोडवेज बस में सवार है.

निंबाहेड़ा में बस रोककर बालक को दस्तयाब किया

सटीक लोकेशन मिलते ही पुलिस टीम ने पीछा किया और निंबाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) पहुँचकर बालक को बस से सुरक्षित उतार लिया. बालक को वापस सागवाड़ा लाकर जब परिजनों को सौंपा गया, तो पूरे मोहल्ले में खुशी की लहर दौड़ गई. परिजनों और कॉलोनी वासियों ने पुलिस की इस त्वरित कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *