Headlines

बांसवाड़ा: कुत्ते को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर के नीचे कुचला चालक, दर्दनाक मौत

बांसवाड़ा जिले के आबापुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोरतलाब घाटी के समीप शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. एक कुत्ते की जान बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह अपने ही वाहन के टायर के नीचे आ गया. हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.

कुत्ते को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, कालीपान निवासी महेश (26) पुत्र रायचंद एक अनुभवी चालक था. शनिवार शाम करीब 5 बजे वह अपने साथी विनोद मईड़ा के साथ अल्ट्राटेक सीमेंट डिपो से सीमेंट खाली कर सिंगपुरा से वापस लौट रहा था. जब उनका ट्रैक्टर पाड़ला खुर्द के पास बोरतलाब घाटी से गुजर रहा था, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर ट्रैक्टर के सामने आ गया.

कुत्ते को बचाने के लिए महेश ने अचानक ट्रैक्टर को मोड़ा, जिससे वाहन जोरदार झटके के साथ अनियंत्रित हो गया. इस दौरान महेश का संतुलन बिगड़ा और वह चलते ट्रैक्टर से नीचे गिर गया. इससे पहले कि वह संभल पाता, ट्रैक्टर का भारी टायर उसके ऊपर से गुजर गया.

अस्पताल में उपचार के दौरान थम गई सांसें

हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. राहगीरों और साथी विनोद ने एम्बुलेंस की मदद से लहूलुहान हालत में महेश को महात्मा गांधी जिला अस्पताल पहुँचाया. चिकित्सकों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. आबापुरा थाने के एएसआई (ASI) रवि थापा ने बताया कि मृतक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस था और वह लंबे समय से वाहन चला रहा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *