Headlines

प्रतापगढ़ छोटीसादड़ी: श्री सगस बावजी मंदिर में चार दिवसीय भक्ति महोत्सव कल से, गोकुल शर्मा बिखेरेंगे भजनों की स्वर लहरियां

छोटीसादड़ी नगर के कंडेला मार्ग स्थित सुप्रसिद्ध श्री सगस बावजी मंदिर पर कलश स्थापना के उपलक्ष्य में चार दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. सगस सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है और समिति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है.

कल निकलेगी भव्य कलश यात्रा

महोत्सव का भव्य शुभारंभ 16 अप्रैल, गुरुवार को सुबह 7 बजे होगा. गोविंदेश्वर महादेव मंदिर से एक विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में मंगल कलश धारण कर शामिल होंगी. “हरि बोल” और “सगस बावजी के जयकारों” के साथ यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी. इसी दिन प्रभात फेरी का आयोजन भी होगा और रात्रि 8 बजे मंदिर में सुंदरकांड पाठ के साथ प्रथम दिन का समापन होगा.

भजन सम्राट गोकुल शर्मा देंगे प्रस्तुति

महोत्सव के दूसरे दिन 17 अप्रैल, शुक्रवार को रात्रि 8 बजे एक विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा. इस शाम के मुख्य आकर्षण राजस्थान के सुप्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा होंगे. वे अपनी सुमधुर आवाज और भक्तिपूर्ण भजनों से श्रोताओं को भावविभोर करेंगे. शनिवार, 18 अप्रैल को मंदिर परिसर में अखंड रात्रि जागरण होगा, जिसमें विभिन्न भजन मंडलियां भक्तिमय प्रस्तुतियां देंगी.

कलश स्थापना और विशाल भंडारा रविवार को

महोत्सव का समापन 19 अप्रैल, रविवार को होगा. इस दिन सुबह 9 बजे पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर के शिखर पर कलश स्थापना की जाएगी. इसके पश्चात सुबह 10 बजे से विशाल भंडारे (महाप्रसादी) का आयोजन होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *