उदयपुर गोगुंदा-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया. मालवा चौराहे के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहाँ एक अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में कार सवार सास और दामाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 वर्षीय पोता और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए.
जोधपुर लौट रहा था परिवार, रास्ते में काल ने घेरा
बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह मेडतिया ने बताया कि कार में सवार परिवार उदयपुर से पिंडवाड़ा होते हुए जोधपुर की ओर जा रहा था. हादसे में जोधपुर निवासी दया भट्ट (55) और उनके दामाद पुष्पराज (32) की जान चली गई. कार में सवार दया भट्ट का 10 वर्षीय पोता गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में जारी है.
हादसे के बाद पलटा ट्रेलर, हाईवे पर मचा हड़कंप
हादसा इतना भीषण था कि इसके तुरंत बाद एक और घटना घट गई. ट्रक के पीछे आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर आगे दुर्घटना देख अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर ही पलट गया. इस घटना में ट्रेलर का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया. एक साथ हुए इन हादसों के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया.
पुलिस और पेट्रोलिंग टीम ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम के भगवत सिंह झाला और बेकरिया थाना पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुँचे. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे शवों को बाहर निकाला और मालवा चौरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. घायलों को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से उदयपुर रेफर किया गया.
प्रशासन ने क्रेन बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक, कार और ट्रेलर को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल करवाई. थानाधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. परिजनों के उदयपुर पहुँचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और लिखित रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

