Headlines

बांसवाड़ा: मोरड़ी मिल के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलटी, हादसे में एक किशोर की मौत, दूसरा गंभीर घायल

बांसवाड़ा घाटोल उदयपुर मार्ग पर मोरड़ी मिल के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों युवक एक वैवाहिक समारोह से लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई. पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.

शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, रामपुरा सागवड़िया निवासी राहुल (16) पुत्र अर्जुन और उसका साथी विपिन (18) पुत्र गौतम सोमवार को भचढ़िया गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे. शाम को जब दोनों बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी मोरड़ी मिल के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए और लहूलुहान हो गए.

राहगीरों ने पहुँचाया अस्पताल

हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों को सड़क पर तड़पता देख तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी. मौके पर पहुँची एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल पहुँचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि विपिन को प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में भर्ती किया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है.

पुलिस की कार्रवाई

घाटोल थानाधिकारी रमेश पन्नू ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता मौके पर पहुँचा और घटनास्थल का मुआयना किया. थानाधिकारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण बाइक का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने मृतक राहुल के परिजनों को सूचित कर दिया है. शव को मोर्चरी में शिफ्ट किया गया है, जिसका पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह किया जाएगा. पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *