Headlines

उदयपुर: तालाब में डूबने से महिला की मौत, सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू कर निकाला शव

उदयपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली तहसील ऋषभदेव से एक दुखद घटना सामने आई है. यहाँ लोणदा तालाब में पैर फिसलने के कारण एक महिला की डूबने से मौत हो गई।.राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग (सिविल डिफेंस) की टीम ने बुधवार सुबह कड़ी मशक्कत के बाद महिला के शव को बरामद कर लिया है.

बकरी नहलाते वक्त हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:00 बजे की है. मृतका की पहचान गीता देवी (45 वर्ष), पत्नी देवीलाल मीणा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि गीता देवी लोणदा तालाब के किनारे अपनी बकरी को नहला रही थीं, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गईं. स्थानीय स्तर पर सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया गया.

अंधेरे के कारण रोकना पड़ा था ऑपरेशन

पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग, उदयपुर के उप नियंत्रक श्री दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने तुरंत संज्ञान लिया. उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला स्पेशल रेस्क्यू टीम का गठन किया और टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया। हालांकि, टीम जब तक मौके पर पहुंची, तब तक शाम हो चुकी थी. विजिबिलिटी कम होने और अंधेरा छा जाने के कारण सुरक्षा कारणों से मंगलवार शाम को रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा.

बुधवार सुबह मिला शव

बुधवार सुबह सूरज की पहली किरण के साथ ही सिविल डिफेंस की टीम ने पुनः रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. टीम के गोताखोरों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तालाब की गहराई से महिला के शव को ढूंढ निकाला. शव बाहर निकालने के बाद टीम ने उसे कल्याणपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग दर्ज कर लिया है.

रेस्क्यू टीम में ये रहे शामिल

इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में सिविल डिफेंस के अनुभवी सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. टीम में निम्नलिखित सदस्य शामिल रहे:

  • वाहन चालक: प्रकाश राठौर
  • गोताखोर: विपुल चौधरी, नरेश चौधरी, सचिन कंडारा, विजय नकवाल, भवानी शंकर वाल्मीकि, नरेंद्र सिंह झाला
  • बोट ऑपरेटर: कैलाश मेनारिया
  • प्रशिक्षु जवान: गजेंद्र, अनिल और पीयूष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *