Headlines

डूंगरपुर: कृषि पर्यवेक्षक परीक्षा शुरू होने से पहले छात्र की बिगड़ी तबीयत, सीने में दर्द के बाद अस्पताल में भर्ती

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित कृषि पर्यवेक्षक भर्ती परीक्षा के दौरान शनिवार को डूंगरपुर शहर के एक परीक्षा केंद्र पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया. यहाँ परीक्षा शुरू होने से कुछ ही मिनट पहले एक अभ्यर्थी की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते वह परीक्षा देने से वंचित रह गया.

परीक्षा कक्ष में बैठने के बाद उठा सीने में दर्द

जानकारी के अनुसार, सुराता क्षेत्र के भागेला नया गांव निवासी राजकुमार रोत शनिवार सुबह डूंगरपुर शहर के महात्मा गांधी टाउन स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र पर कृषि पर्यवेक्षक की परीक्षा देने पहुंचा था. सुबह करीब 11 बजे राजकुमार अपने निर्धारित परीक्षा कक्ष में पहुंच गया और अपनी टेबल पर बैठ गया. अभी वीक्षक (Inviligator) प्रश्न-पत्र बांटने की तैयारी ही कर रहे थे कि अचानक राजकुमार के सीने में तेज दर्द उठा और उसे घबराहट होने लगी.

एंबुलेंस से पहुंचाया गया अस्पताल

छात्र की हालत बिगड़ती देख उसने तुरंत कमरे में मौजूद वीक्षक को सूचित किया. केंद्राध्यक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कंट्रोल रूम और एंबुलेंस को सूचना दी. सूचना मिलते ही एंबुलेंस के ईएमटी रॉयल जैन और पायलट विशाल मनात मौके पर पहुंचे और छात्र को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करवाया.

प्रशासन पहुंचा अस्पताल, परीक्षा से रहा वंचित

घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन की टीम भी अस्पताल पहुंची और छात्र के स्वास्थ्य की जानकारी ली. डॉक्टरों ने राजकुमार का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. हालांकि, अस्पताल में भर्ती होने और तबीयत में सुधार न होने के कारण छात्र सालों की मेहनत के बाद आयोजित हुई इस महत्वपूर्ण परीक्षा को देने से चूक गया.

राजकुमार के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई. प्राथमिक जांच में घबराहट और अचानक दर्द का कारण सामने आया है, लेकिन डॉक्टर पूरी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट कर पाएंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *