डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र अंतर्गत लिमडी गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यहाँ दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया. पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
अपनी साइड में चल रहे थे पिता-पुत्र
जानकारी के अनुसार, नयागांव सुराता निवासी कल्पेश डामोर ने इस संबंध में चौरासी थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है. रिपोर्ट में बताया गया कि शनिवार शाम वह अपने पिता दिनेश डामोर के साथ मोटरसाइकिल पर ऑतरी की ओर जा रहे थे. बाइक उसके पिता दिनेश चला रहे थे. कल्पेश के अनुसार, वे सड़क किनारे अपनी साइड में काफी धीमी गति से चल रहे थे.
पीछे से आई ‘काल’ बनी बाइक
जैसे ही पिता-पुत्र लिमडी के पास सुराता रोड पर पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे में दिनेश डामोर के सिर पर गंभीर चोट आई और वे लहूलुहान हो गए, जबकि कल्पेश को भी चोटें आईं.
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल पिता-पुत्र को एक निजी वाहन के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ऑतरी ले जाया गया. वहाँ दिनेश डामोर की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सागवाड़ा के जनरल अस्पताल रेफर कर दिया. अस्पताल में इलाज के दौरान दिनेश डामोर ने दम तोड़ दिया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सूचना मिलने पर चौरासी थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को मोर्चरी में रखवाया. परिजनों ने आरोपी बाइक चालक की लापरवाही को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने पीड़ित बेटे की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और टक्कर मारकर भागने वाले या लापरवाही बरतने वाले चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.

