Headlines

बांसवाड़ा: कसारवाड़ी में पुलिसकर्मियों ने पेश की बहादुरी की मिसाल; कुएं में कूदे युवक की बचाई जान

बांसवाड़ा जिले के कसारवाड़ी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर पुलिस के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक युवक की जिंदगी बचा ली. घरेलू विवाद के चलते आवेश में आकर एक युवक ने थाने के पास स्थित गहरे कुएं में छलांग लगा दी थी. मौके पर मुस्तैद दो कांस्टेबलों ने तुरंत कुएं में कूदकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसकी अब पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है.

घरेलू कलह में उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के अनुसार, कसारवाड़ी निवासी राहुल डिंडोर (पिता ईश्वर डिंडोर) का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. घरेलू क्लेश से मानसिक रूप से परेशान होकर राहुल आवेश में घर से निकला और शोर मचाते हुए पास ही स्थित एक कुएं की तरफ दौड़ पड़ा. उसे रोकने के लिए परिवार की दो महिलाएं भी पीछे भाग रही थीं, लेकिन राहुल ने आव देखा न ताव और सीधे कुएं में छलांग लगा दी.

हादसे के वक्त कांस्टेबल मयूर पाटीदार अपने कमरे से थाने की ओर जा रहे थे. उन्होंने देखा कि एक युवक कुएं की तरफ भाग रहा है और पीछे से महिलाएं चिल्ला रही हैं. मामला समझते ही कांस्टेबल मयूर बिना एक पल गंवाए युवक के पीछे दौड़े और उसके कूदते ही खुद भी कुएं में छलांग लगा दी.

इसी दौरान वहां पहुंचे एक अन्य कांस्टेबल हितेश कुमार ने भी साहस दिखाया और युवक को संभालने के लिए कुएं में कूद गए. दोनों जवानों ने कुएं के गहरे पानी में युवक को सुरक्षित पकड़ा और सूझबूझ से उसे बाहर निकालने में कामयाब रहे.

ग्रामीणों ने की सराहना

समय रहते की गई इस त्वरित कार्रवाई से राहुल की जान बच गई. यदि पुलिसकर्मी तत्परता नहीं दिखाते तो गहरा पानी होने के कारण बड़ा हादसा हो सकता था. कसारवाड़ी थाना पुलिस के इन जवानों की बहादुरी देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उनकी जमकर तारीफ की. पुलिस ने युवक को समझाइश देकर परिजनों के सुपुर्द किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *