Headlines

बांसवाड़ा: दोस्त की शादी में गए युवा MBBS डॉक्टर की संदिग्ध मौत, कुएं में अर्धनग्न मिली लाश; हत्या की आशंका

बांसवाड़ा वागड़ क्षेत्र में एक युवा डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है. बांसवाड़ा जिले के मछारासाथ निवासी 28 वर्षीय एमबीबीएस डॉक्टर का शव रविवार सुबह प्रतापगढ़ के पीपलखूंट इलाके में एक कुएं से बरामद किया गया. मृतक का शव अर्धनग्न अवस्था में था और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे परिजनों ने सुनियोजित हत्या की आशंका जताई है.

दोस्त की शादी में शामिल होने गए थे डॉ. मोहित

जानकारी के अनुसार, मृतक डॉ. मोहित मछार (28), निवासी मछारासाथ (छोटा डूंगरा), वर्तमान में राजसमंद में एक एनजीओ में कार्यरत थे. मोहित ने कोटा से अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी. उनके चाचा बलवंत ने बताया कि मोहित 14 अप्रैल को अपनी बहन के घर बड़ोदिया आए थे और 15 अप्रैल को अपने एक साथी डॉक्टर की शादी में शामिल होने के लिए बोरी (प्रतापगढ़) निकले थे.

15 अप्रैल की रात से बंद था मोबाइल

दोस्त की शादी 16 अप्रैल को थी, लेकिन 15 अप्रैल की रात करीब 11 बजे के बाद से ही मोहित का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया. परिजनों का उनसे संपर्क टूट गया, जिसके बाद कलिंजरा और पीपलखूंट थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई. रविवार सुबह दूल्हे के घर से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित एक कुएं में मोहित का शव तैरता मिला.

कुएं के पास मिले संदिग्ध हालात, शर्ट पर खून के धब्बे

घटनास्थल पर हालात काफी संदिग्ध पाए गए हैं. कुएं के बाहर मोहित के जूते मिले हैं, लेकिन उनका मोबाइल और पैंट गायब है. मौके पर एक शर्ट मिला है, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि वह मोहित का नहीं है और उस पर खून के धब्बे लगे हुए हैं. परिजनों का आरोप है कि मोहित की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को अर्धनग्न हालत में कुएं में फेंका गया है.

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर पीपलखूंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया. पुलिस मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच कर रही है कि यह कोई दुर्घटना है या सोची-समझी हत्या.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *