Headlines

सागवाड़ा: हाईवे पर पेड़ से टकराया बेकाबू डंपर; केबिन में फंसे ड्राइवर का 3 घंटे चला ‘लाइव रेस्क्यू’, सुरक्षित निकाला

डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ. गलियाकोट रोड स्थित नेशनल हाईवे 927ए बायपास ओवरब्रिज के नीचे रेती से भरा एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े विशाल पीपल के पेड़ से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक अंदर ही फंस गया. पुलिस और ग्रामीणों ने 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

5 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे हुआ. डंपर रेती भरकर तेज गति से जा रहा था, तभी ओवरब्रिज के पास चालक संतुलन खो बैठा और वाहन सीधे पेड़ में जा घुसा. जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. केबिन बुरी तरह पिचक जाने के कारण ड्राइवर के पैर उसमें फंस गए थे और वह दर्द से कराह रहा था.

पुलिस और प्रशासन का भारी अमला पहुंचा मौके पर

सूचना मिलते ही सागवाड़ा थाना अधिकारी मनीष खोईवाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे. हालात की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और हाइड्रोलिक क्रेन को मौके पर बुलाया गया. चालक को सुरक्षित निकालने के लिए लोहे के कटर की मदद से केबिन के हिस्सों को काटा गया.

3 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

थाना अधिकारी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए करीब 3 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. क्रेन की मदद से डंपर के क्षतिग्रस्त हिस्से को खींचा गया और फंसे हुए चालक को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया. गनीमत रही कि इतने भीषण हादसे के बाद भी चालक की जान बच गई.

घायल चालक का उपचार जारी

घायल ड्राइवर की पहचान पोपटलाल (पुत्र कमलेशलाल बगड़िया), निवासी चिखली राठड़ी के रूप में हुई है. बाहर निकालते ही चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल रेफर किया गया. फिलहाल ड्राइवर की हालत स्थिर बताई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *