Headlines

उदयपुर: पुराने विवाद में घर को लगाई आग, 4 मवेशियों की मौत; अनाज और जेवर भी हुए राख

उदयपुर जिले के ओगणा थाना क्षेत्र अंतर्गत अजयपुरा गांव में बुधवार दोपहर प्रतिशोध की आग ने एक परिवार का सब कुछ छीन लिया. पुराने विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने दूसरे के घर में आग लगा दी, जिससे न केवल मकान जलकर खाक हो गया, बल्कि बाड़े में बंधे चार मवेशियों की भी दर्दनाक मौत हो गई.

पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम

जानकारी के अनुसार, अजयपुरा निवासी मुकेश खेर और मोहन डूंगरी के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था. कुछ दिनों पहले मोहन ने मुकेश के साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिससे वह घायल हो गया था. इसी रंजिश को पालते हुए बुधवार दोपहर जब घर के पुरुष सदस्य बाहर थे, तब मोहन ने मुकेश के केलुपोस (खपरैल) घर में आग लगा दी.

जान बचाकर भागीं महिलाएं और बच्चे

जिस वक्त आग लगाई गई, घर में केवल महिलाएं और बच्चे मौजूद थे. आग की लपटें उठती देख घर में कोहराम मच गया. महिलाएं अपने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए शोर मचाते हुए भागीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया.

भारी नुकसान: मवेशी, अनाज और जेवर जलकर राख

इस अग्निकांड में मुकेश और उसके दो भाइयों का संयुक्त परिवार पूरी तरह बर्बाद हो गया. घर में रखा अनाज, नकदी, कीमती जेवर और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए. सबसे दुखद पहलू यह रहा कि बाड़े में बंधी एक गाय सहित कुल चार मवेशी आग की भेंट चढ़ गए. पहाड़ी क्षेत्र और संकरा रास्ता होने के कारण दमकल या पानी के टैंकर मौके पर नहीं पहुंच सके, जिससे ग्रामीणों को आग बुझाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी.

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही ओगणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पीड़ित परिवार ने आरोपी मोहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *