Headlines

उदयपुर: बेकाबू होकर पहाड़ी से टकराया ट्रक, भीषण आग में जलकर राख हुआ आंगनबाड़ी का पोषाहार

उदयपुर-ईडर नेशनल हाईवे 58-ई पर बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. बाघपुरा थाना क्षेत्र के रणघाटी इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे पहाड़ी से जा टकराया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शॉर्ट सर्किट के कारण उसमें भीषण आग लग गई. देखते ही देखते पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया.

राहगीरों ने बचाई ड्राइवर की जान

हादसे के वक्त ट्रक का ड्राइवर केबिन में ही फंस गया था. गनीमत रही कि वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हादसे के तुरंत बाद उसे एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है.

जलकर खाक हुआ आंगनबाड़ी का राशन

जानकारी के अनुसार, ट्रक में आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सप्लाई किया जाने वाला भारी मात्रा में पोषाहार लदा हुआ था. आग इतनी भीषण थी कि ट्रक में रखा एक-एक पैकेट जलकर राख हो गया. सूचना मिलते ही बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन घटनास्थल शहर से दूर होने के कारण फायर ब्रिगेड को पहुंचने में करीब एक घंटा लग गया. तब तक ट्रक और उसमें रखा माल पूरी तरह नष्ट हो चुका था.

हाईवे पर लगा लंबा जाम

रणघाटी के संकरे और पहाड़ी रास्ते पर धूं-धूं कर जलते ट्रक को देख हाईवे के दोनों ओर वाहनों के पहिए थम गए. सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने ट्रैफिक को रोक दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए ट्रक को सड़क किनारे करवाकर यातायात सुचारू करवाया.

पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि हादसा ट्रक के ब्रेक फेल होने से हुआ या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण. फिलहाल ट्रक मालिक और संबंधित विभाग को हादसे की सूचना दे दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *