बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र के बोरपाड़ा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया. यहां एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई, जिससे बाइक सवार युवक उछलकर सीधे नीचे जा गिरा. इस हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई है और पैर भी फ्रैक्चर हो गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया है.
दुकान जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बोरपाड़ा निवासी 22 वर्षीय उमेश पुत्र गवजी गुरुवार सुबह अपनी बाइक से आंबापुरा स्थित दुकान पर जाने के लिए निकला था. रास्ते में अचानक बाइक डगमगा गई और अनियंत्रित होकर पलट गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि उमेश बाइक से उछला और पुल के नीचे गहरी खाई में जा गिरा.
विधायक बामनिया ने जाना कुशलक्षेम
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत घायल युवक को निजी वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अर्जुन सिंह बामनिया भी अस्पताल पहुंचे. उन्होंने डॉक्टरों से उमेश के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और परिजनों को सांत्वना देते हुए बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया.
हालत नाजुक, उदयपुर में उपचार जारी
डॉक्टरों के अनुसार, युवक के सिर में गहरी अंदरूनी चोट लगी है और करीब 15 टांके आए हैं. साथ ही एक पैर में फ्रैक्चर होने के कारण उसकी स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है. जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत उदयपुर के लिए रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसका उपचार जारी है.

