डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के पाल गामड़ी गांव में पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के चलते पिता-पुत्र पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है. करीब 10 से 15 हमलावरों ने मिलकर पिता और पुत्र के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. फिलहाल दोनों का उपचार डूंगरपुर जिला अस्पताल में चल रहा है.
बाजार से लौटते वक्त रोका रास्ता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाल गामड़ी निवासी हाजा पुत्र कलू डामोर और उनका पुत्र विपुल अपने निर्माणाधीन मकान के लिए सामान लेने खेरवाड़ा गए थे. गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तब यह वारदात हुई. बेटा विपुल एक ऑटो में बाथरूम का दरवाजा, पाइप और अन्य निर्माण सामग्री लेकर गांव आ रहा था, जबकि पिता हाजा अपनी बाइक से ऑटो के पीछे चल रहे थे.
जैसे ही विपुल गांव की सीमा में दाखिल हुआ, पहले से घात लगाकर बैठे 10 से 15 लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया. हमलावरों ने बिना किसी बात के विपुल पर हमला बोल दिया. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने लात-घूंसों, पत्थरों और हाथ में पहनने वाले नुकीले हथियारों (पंच) से विपुल को लहूलुहान कर दिया. किसी तरह अपनी जान बचाकर विपुल घर पहुंचा और आपबीती सुनाई.
पूछने गए पिता को भी नहीं बख्शा
बेटे के साथ हुई मारपीट की जानकारी मिलने पर पिता हाजा डामोर आरोपियों के घर यह पूछने पहुंचे कि उन्होंने उनके बेटे को क्यों मारा. लेकिन वहां मौजूद आरोपियों ने आव देखा न ताव और हाजा पर भी हमला कर दिया. शोर-शराबा सुनकर जब ग्रामीण इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी मौके से फरार हो गए.
अस्पताल में उपचार जारी
ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसकी मदद से दोनों घायलों को पहले शीशोद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया. सदर थाना पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और पुलिस अब हमलावरों की तलाश में जुट गई है.

