उदयपुर-नाथद्वारा मार्ग पर स्थित चिरवा टनल के समीप रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया. यहाँ तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक पैंथर गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पैंथर काफी देर तक सड़क के बीचों-बीच अचेत अवस्था में पड़ा रहा, जिससे मार्ग पर दोनों ओर वाहनों के पहिए थम गए.
अचानक सड़क पर आया पैंथर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पैंथर जंगल की ओर से अचानक दौड़ता हुआ सड़क पर आ गया. उसी दौरान वहां से गुजर रहे एक तेज रफ्तार वाहन का चालक खुद पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पैंथर को सीधी टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद पैंथर बेसुध होकर सड़क पर गिर गया. यह नजारा देख वहां से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई. लोग अपनी गाड़ियाँ रोककर पैंथर को देखने लगे, जिससे हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई.
कुछ देर बाद उठा और जंगल में भागा
करीब कुछ मिनटों तक हलचल न होने के कारण लोगों को लगा कि पैंथर की मौत हो गई है, लेकिन अचानक वन्यजीव ने हरकत शुरू की. पैंथर धीरे-धीरे उठा और लड़खड़ाते हुए सड़क किनारे की झाड़ियों से होते हुए वापस जंगल की ओर चला गया. पैंथर के उठते ही वहां मौजूद लोगों में एक बार फिर डर का माहौल बन गया और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर हटने लगे.
वन विभाग ने दी चेतावनी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई. हालांकि, टीम के पहुँचने से पहले ही पैंथर जंगल के भीतर जा चुका था. वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घायल पैंथर की तलाश और निगरानी के लिए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है.
वन विभाग ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि वन्यजीव क्षेत्रों और टनल के आसपास वाहनों की गति धीमी रखें. साथ ही, ऐसी स्थिति में पैंथर के करीब जाकर फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश न करें, क्योंकि घायल अवस्था में वन्यजीव अधिक आक्रामक और खतरनाक हो सकता है.

