उदयपुर जिले के खेरवाड़ा-नयागांव उपखंड अंतर्गत पहाड़ा थाना क्षेत्र से दुखद खबर सामने आई है. यहां के प्रसिद्ध संत सरोवर तालाब में नहाने गए एक 45 वर्षीय व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई. राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग (सिविल डिफेंस) की टीम ने करीब 24 घंटे के अथक रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रविवार सुबह शव को बरामद कर लिया है.
नहाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अशोक कुमार लबाना (45) पुत्र रामलाल लबाना के रूप में हुई है. घटना शनिवार सुबह करीब 10:00 बजे की है, जब अशोक कुमार संत सरोवर तालाब में नहाने के लिए उतरे थे. नहाते समय अचानक वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे. पास ही मौजूद एक महिला ने जब उन्हें डूबते देखा, तो तुरंत पास के मंदिर के पुजारी को आवाज लगाई. पुजारी और अन्य लोग जब तक मौके पर पहुंचे, अशोक पानी की गहराई में ओझल हो चुके थे.
दो दिन चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पहाड़ा थाना पुलिस और प्रशासन हरकत में आया. राजस्थान नागरिक सुरक्षा विभाग, उदयपुर के उप-नियंत्रक दीपेंद्र सिंह राठौर के निर्देश पर तत्काल एक विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया. शनिवार पूरे दिन टीम ने तालाब की गहराई में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली.
रविवार सुबह पुनः अभियान शुरू किया गया और करीब 9:30 बजे गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को ढूंढ निकाला. इस रेस्क्यू टीम में गोताखोर रवि शर्मा, बने सिंह गुर्जर और वाहन चालक मुकेश सेन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव
शव बाहर निकालने के बाद सिविल डिफेंस की टीम ने उसे पहाड़ा (नयागांव) थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है. इस घटना के बाद मृतक के गांव और परिवार में शोक की लहर छा गई है.

