Headlines

उदयपुर: लोयरा में फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट के बाद हुआ ब्लास्ट; 3 किमी दूर तक दिखा धुएं का गुबार

उदयपुर शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर लोयरा गांव में मंगलवार सुबह एक फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. सुबह करीब 11 बजे लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग फैक्ट्री के पिछले हिस्से में रखे वेस्ट मटेरियल, फोम और पॉलिथीन में लगी थी, जिसके कारण आसमान में काले धुएं का गुबार करीब 2 से 3 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया.

बिजली के पोल में ब्लास्ट से भड़की आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह अचानक फैक्ट्री के अंदर से गुजर रहे बिजली के पोल में एक जोरदार ब्लास्ट हुआ. शॉर्ट सर्किट के कारण निकली चिंगारियों ने फैक्ट्री के पिछले हिस्से में पड़े वेस्ट मटेरियल को अपनी चपेट में ले लिया. तेज हवाओं ने आग को और भड़का दिया. स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री के बाहर ‘श्रुति सिंथेटिक फैक्ट्री’ का बोर्ड लगा है, लेकिन पिछले कुछ समय से यहां फर्नीचर बनाने का काम चल रहा है.

5 दमकलों ने पाया काबू

सूचना मिलते ही बड़गांव थाना पुलिस और नगर निगम की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची. मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) बाबूलाल चौधरी के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियों ने मोर्चा संभाला। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया. गनीमत यह रही कि आग मुख्य फैक्ट्री क्षेत्र तक नहीं पहुंची, जिससे वहां रखे कीमती फर्नीचर और मशीनरी को बचा लिया गया.

आबादी क्षेत्र से दूर थी फैक्ट्री

फैक्ट्री के आस-पास कोई घनी आबादी नहीं होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया. सबसे नजदीकी घर भी करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं. फिलहाल पुलिस और प्रशासन फैक्ट्री मालिक की जानकारी जुटा रहे हैं. प्राथमिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट ही माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *