Headlines

सलूंबर: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, पुल से नीचे गिरी कार दो सगे भाइयों की मौत, दुल्हन को विदा कराकर लौट रहे थे परिजन

सलूंबर-ऋषभदेव मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया. झल्लारा थाना क्षेत्र के बामणिया गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी. इस दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. जिस घर में रविवार को शादी की शहनाइयां गूंज रही थीं, वहां सोमवार को करुण क्रंदन सुनाई देने लगा.

आणा की रस्म निभाकर लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, बामनिया सुई मंगरी गांव निवासी योगी नाथ समाज के एक परिवार में रविवार को विवाह संपन्न हुआ था. दूल्हा बारात लेकर दौलपुरा गया था और सोमवार को दुल्हन विदा होकर ससुराल आई थी. परंपरा के अनुसार, सोमवार को पीहर पक्ष के लोग दुल्हन को वापस ले जाने की रस्म (आणा) निभाने सुई मंगरी पहुंचे थे. रस्म पूरी करने के बाद परिवार के सदस्य और रिश्तेदार कार से वापस दौलपुरा के लिए रवाना हुए, लेकिन बामनिया और धारोद के बीच स्थित पुलिया पर काल ने उन्हें घेर लिया.

पुल से गिरी कार, दो भाइयों की गई जान

झल्लारा थाने के एएसआई राजेश कुमार मीणा ने बताया कि हादसे में वक्तनाथ और नाथूनाथ (पुत्र दौलनाथ) की मौके पर ही मौत हो गई. कार में सवार रूपनाथ, गौतमनाथ, ऊंकारनाथ और मोती बाई गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को सलूंबर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया.

तीन दिन पहले ही खरीदी थी नई कार

हादसे से जुड़ा एक मार्मिक पहलू यह भी है कि जिस कार में सभी सवार थे, उसे दुल्हन पक्ष के रिश्तेदारों ने महज तीन दिन पहले ही खरीदा था. नई गाड़ी की खुशी और शादी का उत्साह कुछ ही पलों में मातम में बदल गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया के पास सड़क की स्थिति खराब होने के कारण अक्सर वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *